टाइम्स खबर timeskhabar.com
भारत-चीन के गलवान सीमा पर शहीद हुए 20 भारतीय योद्धाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि दी और 2 मिनट का मौन रखा। उन्होंने कोरोना पर मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में कहा कि हमारे देश के वीर सपूत मारते मरे हैं। वीर शहीद जवानों पर देश को गर्व है। उनका सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। भारत अपनी जमीन की एक-एक इंच की रक्षा करेगा। भारत और चीन के बीच झड़प को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो बातें कहीं वो निम्नलिखित है :
- भारत शांति चाहता है लेकिन उकसाने पर हर हाल में जवाब देने में सक्षम हैं। देश की अखंडता और संप्रुभता के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जायेगा।
- शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। पूरा देश आपके साथ। देश की भावनाएं आपके साथ है।
- भारत सांस्कृतिक रूप से शांति प्रिय देश है। हमारा इतिहास शांति का रहा है। भारत की हमेशा यह कोशिश रही है कि मतभेद कभी विवाद न बने।
- जब भी समय आया है हमने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की अखंडता और संप्रभुता सर्वोच्च है। इसकी रक्षा करने से हमें कोई नहीं रोक सकता । इस बारे में किसी को भी जरा भी भ्रम या संदेह नहीं होना चाहिये। भारत और चीन के बीच हुए झड़प के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली प्रतिक्रिया थी। गलवान में चीनी सेना ने धोखे से हमला किया बावजूद भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।