टाइम्स खबर timeskhabar.com
अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के भारत आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर संदेश दिया कि भारत आपके स्वागत के लिये तैयार है। यह एक सम्मान की बात है कि वह कल अहमदाबाद में ऐतिहासिक कार्यक्रम शुरू करने के लिए हमारे साथ होंगे। उनके साथ उनकी पत्नी मलेनिया ट्रंप, बेटी इवांका, दामाद जारेड कुशनर होंगे। साथ हीं कई अधिकारी। दो दिनों के लिये भारत दौरे पर आने वाले राष्ट्रपति ट्रंप यहां तीन शहर (अहमदाबाद, आगरा और दिल्ली)जायेंगे। वे 24 फरवरी को अहमदाबाद पहुंच रहे हैं।
सबसे पहले राष्ट्रपति ट्रंप का आगमन अहमदाबाद में होगा यहां वे 22 किलोमीटर लंबा एक रोड शो में शामिल होंगे और उनके स्वागत के लिये सड़क के दोनों किनारों पर लाखों लोग होंगे। बताया जा रहा है तैयारी जबरदस्त की गई है। इसके बाद अहमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम मोटेरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम का नाम है नमस्ते-ट्रंप । ट्रंप के आने से पहले गायक कैलाश खैर अपना कार्यक्रम पेश करेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये गये हैं। अमेरिकी सुरक्षा ऐजेंसी ने पूरी सुरक्षा अपने हाथ में रखी है। अमेरिकी सुरक्षा अधिकारी के साथ साथ एनएसजी और एसपीजी के कमांडो भी तैनात होंगे। सुरक्षा का जायजा लेने के लिये खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम के बाद 24 फरवरी को हीं वे आगरा के लिये रवाना हो जायेंगे। आगरा दीदार के बाद रात में वे दिल्ली पहुंचेंगे। अगले दिन राष्ट्रपति भवन में उनका स्वागत किया जायेगा फिर वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधी स्थल राजघाट जायेंगे। इसके बाद हैदराबाद हाऊस में दोनो नेताओं के बीच बैठक और प्रेस कांफ्रेस का कार्यक्रम है। यहीं पर राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी लंच करेंगे। फिर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ मुलाकात होगी। इसके बाद वे भाया जर्मनी अमेरिका के लिये रवाना हो जायेंगे।
भारत यात्रा पर अबतक आने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति :
- साल 1959 : राष्ट्रपति ड्वाइट डी आइजनहॉवर भारत आने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति थे । इस दौरान उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से मुलाकात की थी।
- साल 1969 : तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने भारत का दौरा किया। निक्सन पाकिस्तान समर्थक थे।
- साल 1978 : अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर का भारत दौरा प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के कार्यकाल के समय हुई। अमेरिका की इच्छा थी कि भारत परमाणु हथियार नहीं बनाए लेकिन भारत इसके लिए राजी नहीं हुआ। और प्रधानमंत्री देसाई ने अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर से इनकार कर दिया था।
- साल 2000 : अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन भारत का दौरे पर आये। इस समय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे। उन्होंने संसद को भी संबोधित किया था।
- साल 2006 : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश भारत दौरे पर आये। इस दौरे के सिविल परमाणु जैसे मसले पर दोनो देशों के बीच अहम समझौते हुए। इस परमाणु समझौते के बाद भारत पहला देश बना जो एनपीटी यानी परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर किए बिना वाणिज्यिक परमाणु कार्यक्रम पर आगे बढ़ा।
- साल 2010 और 2015 : राष्ट्रपति बराक ओबामा दो बार भारत की यात्रा पर आये। पहली बार साल 2010 में जब डॉ मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और दूसरी बार साल 2015 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री थे। वे आज भी हैं। साल 2015 में वे गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि थे।