भारत बचाओ रैली : मोदी कार्यकाल में अर्थव्यवस्था तबाह, संवैधानिक ढांचा ध्वस्त - कांग्रेस लीडर सोनिया व राहुल।

1
भारत बचाओ रैली : मोदी कार्यकाल में अर्थव्यवस्था तबाह, संवैधानिक ढांचा ध्वस्त - कांग्रेस लीडर सोनिया व राहुल।

टाइम्स खबर timeskhabar.com

देश में बढती बेरोजगारी, बढती महंगाई और मोदी सरकार द्धारा अपनाये जा रहे नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में देश बचाओ रैली का आयोजन कर जोरदार प्रदर्शन किया और अपना विरोध जताया। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में आये लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस लीडर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया और कहा देश को कमजोर किया जा रहा है। पूर्वोत्तर के राज्यों में आग लगी है। लेकिन मोदी सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता उन्हें सिर्फ मतलब है अपनी सत्ता से। इसके लिये वे कुछ भी करेंगे। 

-  रेप इन इंडिया वाले बयान पर बीजेपी माफी मांगने की बात कह रही है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं माफी नहीं मांगूगा। मैं मर जाऊंगा लेकिन माफी नहीं मांगूगा। मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं है बल्कि राहुल गांधी है। माफी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके सहयोगी अमित शाह को मांगनी चाहिये जिन्होंने अर्थव्यवस्था तबाह कर दी। 

- देश में बड़ी मेहनत से एक अर्थव्यव्था बनाई गई थी जिसे खत्म कर दिया गया। इन्होंने झूठ कहा कि स्विस बैंक से पैसे लाने हैं , ब्लैक मनी लाने हैं दरअसल इन्होंने गरीबों की जेब से पैसे निकालकर अडानी-अंबानी के हवाले कर दिया। 

-  गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) के जरिए अर्थव्यवस्था को खत्म कर दिया। मोदी जी ने रात को 12 बजे गब्बर सिंह टैक्स लागू कर दिया। 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी आज के दौर में है। जीडीपी ग्रोथ 9 पर्सेंट से घटकर 4 पर पहुंच गई। यहां तक कि जीडीपी नापने का भी तरीका बदल दिया। हमारे तरीके से नापोगे तो अब 2.5 पर्सेंट जीडीपी है।

-  देश के दुश्मन इकॉनमी को बर्बाद करना चाहते थे। यह काम दुश्मनों ने नहीं बल्कि प्रधानमंत्री ने किया। पूरा पैसा दो से तीन उद्योगपतियों को ही पकड़ा दिया। मैं इस बात को मानता हूं कि किसान देश को बनाता है तो ईमानदार उद्योगपति भी देश को बनाता है। मगर पिछले 5 सालों में नरेंद्र मोदी अडानी को 50 कॉन्ट्रैक्ट दिए हैं। एक लाख करोड़ से ज्यादा के एयरपोर्ट और पोर्ट पकड़ा दिए। उन्होंने कहा कि इसे आप चोरी या भ्रष्टाचार नहीं कहेंगे तो क्या कहेंगे।

- कुछ ही दिन पहले 15 से 20 लोगों का 1 लाख 40 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया गया है। जब तक गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं की जेब में पैसा नहीं होगा, तब तक देश की इकॉनमी आगे नहीं जा सकती।

- मोदी जी हमेशा दिन भर टीवी पर देखते हैं यह पैसा कहां से आता है। यह आम लोगो के पैसे हैं। 

कांग्रेस लीडर राहुल गांधी ने मीडिया की ओर भी इंगित करते हुए कहा कि हमारी सरकार के समय में मीडिया ने अपना काम किया लेकिन अभी भूल गये। जब आप पर अटैक होता है तो हिन्दुस्तान की आत्मा पर आक्रमण होता है। देश को डराया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस वाले कभी डरते नहीं । सरकारी दफ्तरों और मीडिया में जो लोग बैठे हैं वे डरे नहीं कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। संसद में इनसे आंकड़े मांगो कि कितने किसानों ने आत्महत्या की है तो इनके पास आंकड़े नहीं होते।  

 

सोनिया गांधी , अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी : 

कांग्रेस अध्यक्ष  सोनिया गांधी ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि देश में आज अंधेर नगरी, चौपट राजा जैसी स्थिति है। उन्होंने भी देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि युवा नौकरियों के लिये भटक रहे हैं। लगी-लगाई नौकरियां भी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को इस बात की कोई परवाह नहीं कि वे जो नागरिकता कानून लाए हैं वह भारत की आत्मा को तार-तार कर देगा। हम संविधान की रक्षा के लिये कोई भी कुर्बानी देने के लिये तैयार हैं। यह समय है इस पार या उस पार फैसले करने का। गलत नितियों से धंधे तबाह हो गये हैं। 

- सवाल उठाते हुए कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिये या नहीं कि जिस काले धन के लिये नोटबंदी की गई थी वह बाहर क्यों नहीं आया?

- आज ऐसी स्थिति है कि कोई भी एक्ट लाया जाता है और हटा दिया जाता है। राष्ट्रपति शासन लगाते हैं और हटा देते हैं। 

- हर दिन संविधान की धज्जियां उड़ाई जाती है। बिना बहस के एक्ट पारित कर दिये जाते हैं। 

- आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई है कि लगे लगाई नौकरी भी जा रही है। श्रमिक भाईयों को समय पर पैसे नहीं मिल पाते। 

- अब तो बैंको में भी पैसे सुरक्षित नहीं हैं। 

कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी सरकार का एक ही एजेंडा है लोगों को  लडवाओ और असली मुद्दों को छुपा दो। उन्होंने कहा कि जिन पर अन्याय होगा उनके साथ कांग्रेस पार्टी खड़ा रहेगी। 

 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रैली में मोदी सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि बीजेपी नारा देती है कि मोदी है तो मुमकिन है। लेकिन वास्तव में बीजेपी है तो बेरोजगारी मुमकिन है। बीजेपी है को 100 रूपये किलो प्याज मुमकिन है। बीजेपी है तो मंहगाई मुमकिन है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार है इसलिये 15 हजार किसानों की आत्महत्य मुमकिन है। पीएसयू(पब्लिक सेक्टर यूनिट) का बिकना मुमकिन है। 

- बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं है। उन्नाव की बेटी इंसाफ मांगते मांगते हार गई। उन्हें जला दिया गया। 

- न्याय के लिये हर इंसान को लड़ना चाहिये जो नहीं लड़ेगा वह भविष्य में कायर कहलायेगा। 

- यदि देश प्यारा है तो देश की आवाज बनो। आप संविधान को नष्ट न होने दें। 

अपने भाषण के संबोधन में प्रियंका गांधी ने उन्नाव पीड़ित परिवार की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि जब मैंने एक छोटी सी बच्ची से पूछा कि बड़ी होकर तुम क्या बनोगी तो पहले तो उसने कुछ नहीं कहा लेकिन बाद में उसने कहा कि जो वकील से बड़ा होता है। यानी वह जज बनना चाहती है। उसके पिता को देख कर मुझे आपने पिता की याद आ गई। इस देश मे जो हो रहा है उसे रोकने का हमार कर्तव्य है जो आज अन्याय के खिलाफ नहीं लड़ेंगे, वो इतिहास में कायर कहलाएंगे। 

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी देश की स्थिति पर चिंता जताई। इस रैली में सोनिया, मनमोहन सिंह, राहुल, प्रियंका, गुलाम नबी आजाद व अशोक गहलोत समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए।